नीमच। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री शकील कुरैशी ने एक बयान जारी कर गोहत्या पर कठोर कानून बनाने तथा देश में संचालित कत्लखानों को बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देशभर में गाय को राष्ट्रीय पशु अथवा ष्राष्ट्र माताष् घोषित किए जाने की मांग उठ रही है और सनातन धर्म की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
कुरैशी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों में मांस प्रसंस्करण एवं निर्यात से जुड़ी अनेक इकाइयां संचालित हैं, जहां से विदेशों को मांस की आपूर्ति की जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन इकाइयों में बड़ी संख्या में भैंसों का वध किया जाता है, जिसकी निगरानी और नियमों के पालन की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान नियमों के अनुसार केवल ऐसे पशुओं के वध की अनुमति है, जो दुग्ध उत्पादन, प्रजनन अथवा कृषि कार्य के लिए उपयोगी नहीं रह गए हों। उनका दावा है कि कई स्थानों पर दुग्ध उत्पादन करने वाली भैंसों का भी वध किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि 10 लीटर तक दूध देने वाली भैंसों के वध पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाए और इस संबंध में प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कुरैशी ने कहा कि यदि दुग्ध उत्पादन करने वाले पशुओं की संख्या में लगातार कमी आती रही तो भविष्य में दूध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने पशुधन संरक्षण को आवश्यक बताते हुए सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने देशवासियों से भी पशुधन संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।