मंदसौर। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की वार्षिक कार्य योजना 2022-23 के अनुपालन तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर अजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर हर्ष सिंह बहरावत के निर्देशन में शिवना शुद्धिकरण एवं पंच-ज अभियान अंतर्गत दिनांक 25 जून 2023 को शिवना नदी के तट पर साफ सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया।
अभियान की अगुवाई करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं पीडीजे ने उपस्थित समस्त न्यायाधीशगण, न्यायालय कर्मचारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मंदसौर के पैरा लीगल वालंटियर, सामाजिक संस्थाओं एवम अन्य नागरिकों को अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से हम सभी में स्वार्थ रहित होकर सामाजिक कल्याण की भावनाओं का समावेश होता है जो राष्ट्र कल्याण एवं उन्नति हेतु अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पंच-ज अभियान अंतर्गत जल, जंगल, जमीन, जानवर एवं जन के संरक्षण हेतु जिला प्राधिकरण द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती रही हैं और इन गतिविधियों के अपेक्षित परिणाम भी प्राप्त हुए हैं। इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश ने उपस्थित समस्त जनों को नदी के तट को स्वच्छ रखने की शपथ दिलवाई गई।
उक्त अभियान में विशेष न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी, जिला न्यायाधीश किशोर कुमार गहलोत, जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हर्ष सिंह बहरावत, जिला न्यायाधीश विशाल शर्मा, जिला न्यायाधीश प्रीति श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुरेश जमरा, जिला रजिस्ट्रार प्रवीण कुमार सोंधिया, जिला मुख्यालय पर पदस्थ न्यायाधीशगण, न्यायालीन कर्मचारीगण, पैरा लीगल वालंटियर उपस्थित रहे। मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंदसौर द्वारा उक्त अभियान में अपनी सहभागिता कर सफल बनाने पर समस्त जनों का आभार व्यक्त किया गया।