बड़वानी। वंचित एवं शोषित वर्ग के लिए एकात्म भाव से सकल संकल्प को साकार करने वाले तथा आडंबर रहित सदाचार का जीवन जीने वाले हीरु भाई ने सदैव सकारात्मक ऊर्जा के साथ जन सेवा में जीवन आहुत कर पीड़ितों को मुख्यधारा में लाने का काम किया है। उक्त बातें आशा ग्राम ट्रस्ट के संस्थापक सचिव डॉ शिवनारायण यादव ने कही। उन्होंने कहा आशाग्राम ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में हीरु भाई के द्वारा समन्वय भाव से क्षेत्र की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए जो प्रकल्प आशा ग्राम ट्रस्ट में प्रारंभ किए गए थे वह आज कई लोगों की आजीविका का माध्यम है। हीरू भाई की पुण्यतिथि के अवसर पर ट्रस्ट के सचिव डॉ शिवनारायण यादव सहित उनके पुत्र निल शर्मा, दीपक शर्मा सहित परिजनों ने आशाग्राम ट्रस्ट पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।