नीमच। प्रदेश में मानसून ने एंट्री कर ली है। इस बार मानसून की आमद के साथ ही कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। बारिश का यह क्रम आज सोमवार को भी जारी है। मौसम विभाग ने भी मानसून के सक्रिय होते ही प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रदेश में बिपरजॉय तूफान का असर खत्म हो गया है। इसके खत्म होते ही प्री मानसून व अब मानसून की दस्तक से प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है। 24 घंटे में बैतूल में 4 इंच से ज्यादा पानी गिरा है। वहीं भोपाल, रतलाम, खंडवा, जबलपुर में 2 इंच से ज्यादा बारिश हुई। नीमच व मंदसौर में भी रविवार दोपहर में जोरदार बरसात हुई। आज सोमवार को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश होने का अनुमान है।
प्रदेश के इन जिलों में बारिश का अलर्ट-
मौसम विभाग ने प्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में आज सोमवार को अति बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। यहां करीब 4 इंच या इससे ज्यादा पानी गिरने का अनुमान है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, नरसिंहपुर और सागर में हेवी रैन हो सकती है। बाकी हिस्सों में बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
इन जिलों में तीन रहेगा असर-
प्रदेश के सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट में आज 26 जून से 29 जून के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में करीब ढाई से चार इंच तक बारिश होने का अनुमान है।