नीमच। नगरपालिका परिषद्, नीमच शहर विकास के लिये कृत संकल्पित होकर जनसेवा के पवित्र उद्देश्य के साथ विकास कार्यों को मूर्त रूप प्रदान कर रही है। साथ ही स्वच्छता के मामले में भी शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छी पायदान पर लाने के ध्येय को लेकर निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति में मुख्य नपा अधिकारी व संबंधित अधिकारियों व संसाधनों के साथ कर्मचारियों की टीम को संबंधित क्षेत्रों में भेजकर जल निकासी के तात्कालीक प्रबंध किये गये।
नगर पालिका परिषद्, नीमच की अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा ने उक्त बात बताते हुए कहा कि जलभराव की समस्या को दूर करने व जनता को राहत प्रदान करने के लिये नगरपालिका परिषद्, नीमच द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। शहर के जाम पड़े नालों को खुलवाने के लिये नगरपालिका का अमला निरंतर कार्यरत है। रेल्वे अंडर ब्रीज में जलभराव की स्थिति में तत्काल नपा अधिकारियों को मौके पर भेजकर अविलम्ब मोटर पम्प की व्यवस्था करवाई गई और पानी खाली करवाकर अंडरब्रीज सहित पूरे मार्ग की सफाई व धुलाई करवाई गई तथा वर्षा ऋतु में ऐसी स्थिति बार-बार उत्पन्न न हो इस हेतु नपा अधिकारियों को उचित प्रबंध करने के निर्देश दिये गये हैं।