आगर मालवा। मजबूत लोकतंत्र के लिये आवश्यक है, कि प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करें, मतदान हमारा संवैधानिक अधिकार एवं नैतिक कर्तव्य है, इसलिए जरूरी है कि मतदाता स्वयं मतदान करते हुए समाज एवं परिवार के लोगो को भी मतदान करने हेतु प्रेरित करें,यह बात बुधवार को स्थानीय शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कैलाश वानखेड़े के निर्देशन में इलेक्शन लिटरेसी क्लब हेतु अयोजित कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरसिमरनप्रीत कौर ने कही। सीईओ कौर ने कहा कि सभी चुनावों में प्रत्येक मतदाताओं को मतदान करना चाहिए, जिससे की एक मजबूत लोकतंत्र का निर्माण हो। कार्यशाला में विशेष अतिथि के रूप में जिला स्वीप नोडल ओ.पी.विजयवर्गीय, प्राचार्य रेखा गुप्ता, एवं निर्वाचन के मास्टर ट्रैनर प्रो. सुशील कटारिया उपस्थित थे।
शुभारंभ अवसर पर विजयवर्गीय द्वारा नवीन मतदाता बनने हेतु फार्म न. 06 एवं आनलाईन की प्रक्रिया से विद्यार्थीयो को अवगत कराया एवं अधिक से अधिक युवाओं के पंजीयन की अपील की। मतदान दिवस पर दिव्यांग वरिष्ठ नागरिक, गर्भवती महिला आदि को मतदान दिवस पर सुगम मतदान हेतु प्राप्त होने वाली सुविधाओं के बारे में भी अवगत कराया । इस अवसर पर विष्णु चौहान एवं उनके सहयोगी कलापथक दल द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बगैर भय, प्रलोभन के निष्पक्ष एवं निर्भिक मतदान का संदेश दिया। कार्यशाला में निर्वाचन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया एवं विजेताओं को अतिथियो के द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा गत विधानसभा में कम मतदान वाले केन्द्रो का बेस लाईन सर्वे कालेज के विद्यार्थीयो से कराया गया था उन विद्यार्थीयो को आयोग की ओर से प्राप्त प्रमाण पत्र भी प्रदान किये गये। इस दौरान कैपंस एबेसेडर कु. पुजा बोड़ाना, गोपाल कारपेन्टर द्वारा भी सर्वे के अनुभव साथियों से सांझा किये एवं साथियो से मतदाता जागरूकता हेतु सक्रियतापूर्वक कार्य करने का आह्नान किया। अन्त में सभी उपस्थितजन को नैतिक मतदान की शपथ मुख्य अतिथि कौर द्वारा दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन रा.से.योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रो.संतोष अस्के द्वारा किया गया एवं आभार प्रोफेसर सुशील कटारिया द्वारा माना गया ।