नीमच। मध्यप्रदेश में मानसून के पहले सप्ताह में ही कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाढ़ की वजह से रेलवे ब्रिज व ट्रेक को भी नुकसान पहुंचा है। रेलवे ने कई सवारी गाड़ियों के रूट डायवर्ट किए हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने आज शुक्रवार को भी 20 से अधिक जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका भी जताई है। भोपाल में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है। नीमच सहित अन्य जिलों में भी रूक-रूककर बारिश का दौर जारी है।
नीमच जिले में मानसून की दस्तक के साथ ही मंगलवार को झमाझम बारिश हुई थी। बुधवार को मौसम साफ रहने के बाद आज गुरूवार को फिर रूक-रूककर बारिश का दौर बना हुआ है। मानसून की झमाझम ने जिले में पिछले साल की बारिश का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। बुधवार सुबह 8 बजे तक प्राप्त हुए आंकड़े के अनुसार जिले में अब 5.1 इंच वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। नीमच विकासखंड में इस वर्ष अब तक 5.7 इंच, जावद में 4.3 इंच व मनासा में 5.2 इंच बारिश हो चुकी है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक नीमच विकासखंड में नीमच में 1.5 इंच, जावद में 0.8 इंच व मनासा में 1.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट-
मौसम विभाग ने आज गुरुवार को प्रदेश के राजगढ़, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोक नगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, सीधी, रीवा, सतना, डिंडोरी, सिवनी, बालाघाट और सागर में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। इनमें से नीमच सहित कई जिलों में रूक-रूककर बारिश का दौर भी बना हुआ है।