धार। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 हेतु मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष प्रतिनिधियों की निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए मतदान केन्द्रों पर शीघ्र बूथ लेवल एजेन्ट किये जाकर उनकी सूची जिला एवं विधानसभा कार्यालय को उपलब्ध कराने हेतु अवगत कराया गया। इसी प्रकार विधानसभाओं से प्राप्त मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के प्रस्ताव एवं युक्तियुक्तकरण की कार्यवाही से अवगत कराया जाकर उनके आक्षेप प्रस्ताव पर चर्चा की गई। 80 वर्ष की आयु से अधिक के संबंध में आयोग के डाक मतपत्र से मतदान करने संबंधी निर्देशों से अवगत कराया गया। बताया गया कि फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त कार्यक्रम 2023 अन्तर्गत प्रारूप प्रकाशन 2 अगस्त के पश्चात् संबंधित बी.एल.ओ. द्वारा उनके मतदान केन्द्रों पर नियत दिनांकों में विशेष कैम्प का आयोजन कर दावे और आपत्ति प्राप्त करते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण करेंगे। तदोपरान्त नियत कार्यक्रम अनुसार 4 अक्टूबर 2023 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किए जाने की सूचना दी गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों से उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर एडीएम केएल मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रृंगार श्रीवास्तव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण मौजूद थे।