नीमच। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में यह वर्ष गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। गरीबो के कल्याण के लिए भारत सरकार व मध्य प्रदेश शासन द्वारा विभिन्न योजनाए प्रारंभ की गई है। जिसमे आयुष्मान योजना भी शामिल है। प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रारंभ हुई आयुष्मान योजना 5 लाख रूपये तक के इलाज की गारण्टी है, जिसमें हितग्राही पांच लाख तक का निःशुल्क ईलाज करा सकेंगे। अब ईलाज के अभाव में किसी गरीब को जान नहीं गवाना पड़ेगी। यह बात नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने शनिवार दोपहर को नगरपालिका कार्यालय नीमच में प्रधानमंत्री नरेन्द्र जी मोदी द्वारा म.प्र. के शहडोल जिले में आयोजित आयुष्मान कार्ड वितरण कार्यक्रम के लाईव प्रसारण के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान ने की। विशेष अतिथि के रूप कलेक्टर दिनेश जैन व विशिष्ठ अतिथि के रूप में एसडीएम डॉ.ममता खेड़े, सांसद प्रतिनिधि विरेन्द्र पाटीदार, योगेश जैन, पीओ डूडा राजकुमार हलदर आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम में प्रतिकात्मक रूप में अतिथिगणों द्वारा 10 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया व किडनी रोग से पीडित आयुष्मान कार्डधारी हितग्राही रविराजसिंह निवासी कराडिया महाराज ने आयुष्मान कार्ड से मिले लाभ को साझा करते हुए, इसे संजीवनी बताया। अतिथिगणों का स्वागत जिला आयुष्मान नोडल अधिकारी बी.एल. सिसोदिया, मुख्य नगरपालिका अधिकारी महेन्द्र वशिष्ठ, चिकित्सा अधिकारी बघेल, डॉ.ए.के.मिश्रा, तहसीलदार यशपाल मुजाल्दे व नपा स्वास्थ्य अधिकारी श्याम टांकवाल ने किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ शारदा की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन से हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने आयुष्मान योजना के संबंध में जानकारी देते हुए कहा, कि यह योजना गरीब वर्ग का जीवन बदलने का कार्य करेगी। अब गरीब व्यक्ति को इलाज के लिये अपना घर व जेवर गिरवी रखने की आवश्यकता नही होगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर दिनेश जैन ने आयुष्मान योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया, कि आज प्रधानमंत्रीजी ने शहडोल में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से एक करोड़ हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया है। नीमच जिले में 4 लाख 27 हजार कार्ड का वितरण हो चुका है, व नीमच शहर में 21 हजार कार्ड का वितरण हो चुका है।
कार्यक्रम का संचालन एनयूएलएम के सिटी मिशन मैनेजर प्रवीण आर्य ने किया तथा आभार जिला चिकित्सा अधिकारी ए.के.मिश्रा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर नपा सभापति दारा सिंह यादव, पार्षद किरण शर्मा, विरेन्द्र पाटीदार, दुर्गाशंकर मील, न.पा.अधिकारी, कर्मचारी व बड़ी संख्या में आयुष्मान कार्डधारी महिला, पुरूष उपस्थित थे।