नीमच। नगर पालिका में वार्ड नं. 08 के निर्दलीय पार्षद वर्तमान में नगरपालिका के अधिकारियों कर्मचारियों से परेशान है, वहीं नपा के जिम्मेदार सभापति जो नपाध्यक्ष के खास बताते है वे भी उनका फोन उठाना मुनासिब नहीं समझते है। वर्तमान में पार्षद के साथ सोतेला व्यवहार किया जा रहा है, उनकी कोई सुनवाई नहीं होने से वार्ड नं. 08 में कोई भी काम नहीं हो पा रहा है।
इस संबंध में वार्ड नं. 08 के पार्षद दुर्गाशंकर भील ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 30 से अधिक आवेदन वार्ड के लिये दे रखे है एक पर भी सुनवाई नहीं की जा रही है। जब भी नगरपालिका जाओं नपाध्यक्ष, सीएमओं, सभापति व नपा अधिकारियों कर्मचारियों से बात करों तो कहा जाता है आवेदन देदो। जब आवेदन दे दिया जाता है तो उनके द्वारा आवेदन पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। आदिवासी पार्षद होने से उनकी कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। पार्षद भील ने बताया कि वर्तमान में उन्होंने गणपति नगर, क्लासिक क्राउन कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में चूरी, डलवाने के साथ ही बारिश के पानी की निकासी हेतु बात कर रखी है लेकिन कोई भी ध्यान नहीं दे रहा है जिससे क्षेत्र के बदतर हालात हो रहे है। चलती बारिश में मार्ग से निकला नहीं जा रहा है, जहरीले जानवरों का डर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि समय रहते है कोई कार्यवाही नहीं की गई और बारिश के जलभराव से अप्रिय स्थिति बनी तो इसके समस्त जवाबदार नपा प्रशासन होगा। समस्या निदान नहीं होने पर रहवासियों की मांग पर शीघ्र ही नगरपालिका पहुंच अपनी बात रखेंगे।