इन्दौर। आयुष्मान पी.वी.सी. कार्ड वितरण एवं सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन 2047 का शुभारंभ एकजुलाई को जिला शहडोल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलों से हुआ। शहडोल में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण वेब कास्टिंग के माध्यम से खंडवा जिला चिकित्सालय परिसर में दिखाया गया। इस अवसर पर महापौर अमृता यादव, नगर निगम आयुक्त नीलेश दुबे, सेवादास पटेल सहित विभिन्न अधिकारी व जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे। इस दौरान जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर यादव ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु संकल्पित है। इसी क्रम में वर्ष 2047 तक सिकल सेल एनीमिया के निर्मुलन का संकल्प लिया गया है। उन्होंने बताया कि गरीबों को बेहतर उपचार के लिये भी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रूपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में शहरी क्षेत्र के हितग्राहियों को आयुष्मान पी.वी.सी. कार्ड वितरीत किये गये।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद हरणे ने बताया कि जिले के समस्त हेल्थ एण्ड वेलनेस सेंटर पर शहडोल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का वेब कास्टिंग के माध्यम से सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें जनआरोग्य समिति के सदस्य, आम नागरिक व जनप्रतिनिधि भी सम्मिलत रहे। इस अवसर पर ग्राम स्तर पर भी पी.वी.सी. आयुष्मान कार्ड वितरीत किये गये। अंत में अतिथियों द्वारा डॉक्टर्स डे पर कार्यक्रम में उपस्थित समस्त डॉक्टर्स का पुष्पहार से स्वागत किया गया।
नोडल अधिकारी डॉ. रश्मि कौशल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियो ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम आयुष्मान भारत योजना के लिये धन्यवाद पत्र दिये गये। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के अलावा सिविल सर्जन डॉ. ओ.पी. जुगतावत, आर.एम.ओ. डॉ. अनिरूद्ध कौशल, डी.पी.एम. डॉ. शिवराजसिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में हितग्राही, आमजन, चिकित्सक मौजूद थे।