नीमच। आज दिनांक 3 जुलाई 2023 को स्थानीय विद्यालय सीएम राइज शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नीमच कैंट में गुरु पूर्णिमा का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। जिसमें भारतीय परंपरा के अनुसार सभी शिक्षकों (गुरुजनों) का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आरंभ में मां सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन गायत्री परिवार से पधारे गुरुदेव प्रभुलाल धाकड़ और गिरीराज चौहान एवं प्राचार्य किशोर सिंह जैन ने किया। अतिथि द्वय गुरूजी का स्वागत प्राचार्य किशोर सिंह जैन, उप प्राचार्य महेश चंद्र शर्मा वह व्याख्याता गोविंद कारा ने किया।
किशोर सिंह जैन ने विद्यार्थियों को गुरु शिष्य की अनूठी परंपरा के बारे में बताते हुए, सभी शिक्षकों को अपने कर्तव्य निर्वहन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में गुरू पूर्णिमा का दिन गुरूओं को समर्पित है। शास्त्रों के अनुसार गुरू का दर्जा भगवान से भी ऊपर बताया गया है। गायत्री परिवार से आए गुरुदेव प्रभुलाल धाकड़ ने मंत्रोचार, भजन व उपदेश के माध्यम से जीवन में गुरु के महत्व को समझाया। गुरू गिरीराज चौहान ने अपने सुंदर भावभरे उद्बोधन व गीत से छात्राओं को बहुत ही प्रेरक संदेश दिया।
इस अवसर पर सम्पूर्ण विद्यालय परिवार के शिक्षकों का छात्राओं द्वारा कुमकुम रोली से तिलक कर अभिनंदन किया गया। विद्यालय के उप प्राचार्य महेश चंद्र शर्मा ने गायत्री परिवार से पधारे महानुभावों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सुनीता पाटीदार के द्वारा किया गया।