उज्जैन। हीरा मिल की चाल निवासी 50 वर्षीय श्रीमती कुसुमबाई को सीने में अचानक दर्द होने और सांस लेने में तकलीफ के कारण कुछ दिन पहले उनके परिजन जिला चिकित्सालय लेकर आये। यहां उन्हें आईसीयू वार्ड में भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया और जांचें करवाई गई। जांच में पाया गया कि कुसुमबाई अस्थमा की बीमारी से ग्रस्त हैं। उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती रखकर उपचार की आवश्यकता है।
कुसुमबाई को चिकित्सा विशेषज्ञ द्वारा आईसीयू वार्ड में भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के फलस्वरूप वे पूर्ण रूप से स्वस्थ हुई। उन्हें समस्त उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं आयुष्मान भारत निरामय योजना के अन्तर्गत निःशुल्क प्रदान की गई। कुसुमबाई के परिवारवाले बेहद खुश हैं और उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय के आईसीयू वार्ड की सेवाएं किसी निजी चिकित्सालय से कम नहीं है। उल्लेखनीय है कि जिला चिकित्सालय का आईसीयू वार्ड सर्वसुविधा चिकित्सा सेवा से युक्त है, जहां चौबीस घंटे उपचार की सेवा उपलब्ध होती है।