दतिया। मध्यप्रदेश शासन के गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि विधायी कार्य विभाग के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत् बहनों को 10 जुलाइ को दूसरी किश्त की राशि उनके खातों में पहुंचेगी। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र शुक्रवार को मंगल के ढ़ाबे से दिनारा रोड़ तक 2 करोड़ 11 लाख की लागत से बनने वाली सड़क निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने इस मौके पर कहा कि सड़क के साथ नाली का निर्माण भी किया जायेगा। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जहां नारी एवं मातृ संस्कृति का सम्मन होता है वहां संस्कृति का उत्थान होता है। केन्द्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की शिवराज सरकार ने नारी के सम्मान के लिए अनेकों योजनायें एवं कार्यक्रम संचालित किये है। लाड़ली बहना योजना शुरू होने से जहां महिलाओ को सम्मान मिले वहीं आर्थिक रूप से भी आत्म निर्भर हो रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत् 10 जुलाई को द्धितीय किश्त के रूप में बहनों के खाते में 1 हजार रूपये की राशि पहुंचेगी यह राशि धीरे-धीरे बढ़ते हुए प्रतिमाह 3 हजार रूपये प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में भी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अनुरूप प्रतिवर्ष 6 हजार रूपये की राशि प्राप्त होगी। इसी प्रकार वृद्धावस्थ पेंशन योजना में एक हजार रूपये प्रतिमाह के मान से एक वर्ष 12 हजार रूपये प्राप्त होंगे। डॉ. मिश्र ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से खाद्यान का वितरण, पढ़ाई, लिखाई की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधायें आदि निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि 15 माह की पूर्व सरकार ने हमारी सरकार द्वारा संचालित तीर्थ दर्शन योजना, संबल योजना जैसी अनेकों योजनायें बंद कर दी गई थी। जिन्हें शिवराज सरकार ने पुनः शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रम को गिन्नी राजा परमार एवं मान सिंह कुशवाहा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में नगर पालिका दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, जिला पंचायत दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी, जनपद पंचायत दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि बृजेश यादव, डॉ. रामजी खरे, गोविन्द ज्ञानानी, मीनाक्षी कटारे, परवेश कुरैशी, सलीम कुरैशी, अतुल भूरे चौधरी, परशुराम अहिरवार, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी व जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।