इंदौर। जानकी सेना संगठन सेवा, समर्पण, सद्भाव, अहिंसा जैसे जीवन मार्गदर्शी विषयों को साथ लेकर कई सामाजिक-धार्मिक सेवा प्रकल्पों पर काम कर रही है। जानकी सेना संगठन इंदौर इकाई के वरिष्ठ संरक्षक राकेश शर्मा ने बताया कि संगठन ने अब गो माता के अधिकार को लेकर अपना पहला कदम मजबूती के साथ बढ़ा दिया है। गो माता अधिकार अभियान चलाकर जानकी सेना संगठन ने संकल्प लिया है कि वह गो माता को पूरे अधिकार दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
वरिष्ठ संरक्षक राकेश शर्मा ने बताया इस अभियान को लेकर जल्द ही इंदौर जिला प्रशासन को एक 8 सूत्रीय आग्रह-पत्र सोमवार को सौंपा जाएगा। संगठन के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम आग्रह पत्र पोस्ट किए हैं। जानकी सेना संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत ने कहा कि गो माता की दशा किसी से छुपी नहीं है। गो माता को लेकर सरकार को चेताना हम सभी का कर्तव्य है।
शर्मा ने बताया इस अभियान का आगाज शिवपुरी से कर दिया गया है, इसके बाद भोपाल, ग्वालियर सहित अन्य जिलों में किया जाएगा। शिवपुरी में जानकी सैनिकों ने महामण्डलेश्वर पुरुषोत्तमदास महाराज एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम रावत की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन 2 जुलाई को शिवपुरी के संयुक्त कलेक्टर ब्रजभूषण श्रीवास्तव को सौंपा है। पत्र देने से पहले जानकी सैनिकों द्वारा गो माता का सम्मान हो, गोचर भूमि आजाद हो, जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए। इस संबंध में देश के समस्त राज्यों के मुख्यमंत्रियों के नाम संगठन के माध्यम से आग्रह-पत्र सौंपे जाएंगे।