भोपाल। यूपी में का बा‘ और ‘बिहार में का बा‘ गाने वाली भोजपुरी सिंगर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ भोपाल के हबीबगंज थाने में एफ आई आर दर्ज की गई है। वहीं, इंदौर में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। नेहा राठौर ने सीधी के पेशाब कांड पर एमपी में का बा कमिंग सून टाइटल से सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। इसमें आरोपी प्रवेश शुक्ला को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यूनिफॉर्म पहने दिखाया।
भाजपा ने इस पर आपत्ति जताई है। बीजेपी के अनुसूचित जाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी सूरज खरे ने थाने में शिकायत की है। बता दें कि नेहा ने यह पोस्ट ट्विटर पर गुरुवार (6 जुलाई) को की है। इधर, नेहा ने भी ट्वीट कर लिखा कि गजब है इनका आदिवासी प्रेम।
मीडिया प्रभारी सूरज खरे ने कहा कि हम प्रयास कर रहे हैं कि नेहा के पति हिमांशु राठौर से बात करें, क्योंकि वह समझदार हैं। हम उन्हें बताएंगे कि वह नेहा सिंह राठौर को समझाएं कि वह देश में कई मुद्दे हैं, उन पर ट्वीट क्यों नहीं करतीं? ट्वीट करना है, तो वह लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसी घटनाओं पर करें।
सूरज खरे ने कहा- अगर वह संघ का इतिहास नहीं जानतीं, तो हम उन्हें इसके बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि नेहा 15 महीने में कांग्रेस की सरकार में हुए सागर में अहिरवार समाज के शख्स के साथ हुए हादसे को लेकर ट्वीट क्यों नहीं करती हैं? इसके अलावा, अन्य लोगों ने भी इस ट्वीट को री-ट्वीट या फिर इस पोस्टर को पोस्ट किया है। सूरज खरे ने कहा कि उन लोगों पर भी एफआईआर होगी। क्योंकि मैंने पहले नेहा राठौर का ट्वीट देखा, तो उन पर एफआईआर करवाई।
सूरज ने शिकायत में लिखा है कि सीधी कांड के आरोपी प्रवेश शुक्ला को आरएसएस की यूनिफॉर्म में दिखाया है, जबकि इस मामले से आरएसएस का लेना-देना नहीं है। इसे लेकर नेहा सिंह राठौर पर धारा 153 (क) के तहत केस दर्ज कराया है।
इस मामले में नेहा ने भी प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी को घेरने की कोशिश की है। उन्होंने लिखा कि ष्मध्य प्रदेश के सीधी जिले में आदिवासी के सिर पर पेशाब करने का विरोध किया, तो भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के मीडिया प्रभारी ने मेरे ऊपर एफआईआर करवा दी। गज़ब है इनका आदिवासी प्रेम।
मामले में नेहा सिंह राठौर का कहना है कि यह जो पोस्टर है, यह मुझे सोशल मीडिया पर ही मिला था, जिसे मैंने पोस्ट किया है। यह मैंने खुद डिजाइन नहीं किया था। आपको इसमें आरएसएस का गणवेश कहां दिखाई दे रहा है? क्या आरएसएस के लोग सिगरेट पीते हैं? मुझे नहीं लगता कि त्ैै के लोग ऐसे हैं। क्या हाफ पैंट सिर्फ आरएसएस के लोग ही पहनते हैं? यहां तो गर्मी में सभी हाफ पैंट पहनते हैं।
वहीं, सिर्फ बीजेपी पर ही गाने लिखने वाले सवाल पर नेहा ने कहा कि यह मेरा लोकतांत्रिक अधिकार है कि मैं किस मुद्दे पर गाना लिखना चाहती हूं। जहां तक सवाल पूछने की बात है, तो केंद्र में जिसकी सरकार है, सवाल उसी से पूछा जाएगा, न कि राहुल गांधी से।