नीमच। जिले में रूक-रूककर बारिश का क्रम बना हुआ है। कल शनिवार को जिले के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज रविवार को नीमच सहित कई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। आगामी 12 जुलाई को एक और नए सिस्टम के एक्टिव होने से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित होने की संभवना भी जताई जा रही है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि आज रविवार को एमपी में जोरदार बारिश होगी। भोपाल, विदिशा, मंदसौर, नीमच सहित 27 जिलों में हैवी रैन की संभावना है। 10 जुलाई को भी हल्की बारिश होगी। 12 जुलाई से नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इससे प्रदेशभर में फिर से तेज बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। यह सिस्टम अगले तीन से चार दिन तक एक्टिव रहेगा।
खरगोन में नदी उफान पर, टूटा गांवों का संपर्क-
शनिवार को बालाघाट, दमोह सहित प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। छतरपुर में भी तेज बारिश के कारण जटाशंकर धाम का झरना तेजी से बहने लगा। वहीं खरगोन में वेदा नदी के उफान पर आने से 8 गांवों का संपर्क आपस में टूट गया। यहां मोगावां और टिगरियाव पहुंच मार्ग के बीच रपटे पर वेदा नदी का पानी बह रहा है। ऊपरी हिस्से में हो रही बारिश से तीन दिन से यह हालात बने हैं।
आज जिन जिलों में हैवी रेन का अलर्ट-
भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी जिले में भारी बारिश होने की संभावना है। बाकी जगह हल्की बारिश हो सकती है।