इन्दौर। मुख्यमंत्री द्वारा संविदा कर्मचारियों-अधिकारियों के लिए की गई घोषणा से इंदौर क्षेत्र के भी कार्मिकों में व्यापक उत्साह बना हुआ है। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में कम्प्यूटर प्रोग्रामर संविदा के रूप में कार्यरत राकेश पाटीदार ने बताया कि हमारा वर्षों पुराना सपना मुख्यमंत्री की घोषणा के उपरांत पूरा होने जा रहा है। बार-बार का नवीनीकरण, बीमा, छुट्टी, पेंशन स्कीम आदि लाभों को लेकर की गई घोषणा से हमें वाकई बड़ी राहत मिलेगी। इंदौर के सत्य साईं जोन पर कार्यरत संविदा लाइनमैन उमाशंकर लहारे ने बताया कि छहदृसात प्रकार की नई सुविधाएं देने की घोषणा की गई है। इससे अब और भी ज्यादा मन लगाकर कार्य करने की प्रेरणा मिली है। दोनों कार्मिकों ने कहा कि प्रदेश के विकास में हमारे जैसे हजारों संविदा कर्मचारी-अधिकारी कंधे से कंधा मिलाकर भागीदारी निभाएंगे।