सतना। जीवन में प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना पक्का, सर्वसुविधायुक्त सुन्दर पक्का मकान हो। जिसमें वह अपने परिवार के साथ सुखपूर्वक जीवन व्यतीत कर सके। गरीबों के लिए पक्के मकान का सपना सिर्फ सपना बनकर ही रह जाता था। लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना आने के बाद यह शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों का सुनहरा सपना अब पूरी तरह से साकार हो रहा है। जनपद पंचायत अमरपाटन के ग्राम पंचायत बिछिया खुर्द में रहने वाले बृजेश केवट भी ऐसे ही हितग्राहियों मे ंशामिल हैं। जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की मदद से सपनों का आशियाना पक्के मकान के रूप में मिला है। बृजेश केवट मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। टूटे-फूटे कच्चे मकान में गुजर-बसर करने वाले बृजेश केवट के पास पक्का मकान बनाने के लिए पैसे नहीं थे। मजबूरी में उन्हें शर्दी-गर्मी और बरसात के समय कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की मदद से पक्का मकान बन जाने से उनकी सारी समस्याओं का समाधान हो गया है। बृजेश केवट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया है।