नीमच। शहर सहित जिलेभर में आज सोमवार को भीषण गर्मी पड़ रही थी। सूरज के तीखे तेवर व तेज उमस से लोग परेशान हो रहे थे। इसी बीच शाम को एकाएक मौसम बदला और आसमान में बादलों ने डेरा जमाया। कुछ ही देर बाद तेज हवाओं के साथ झमाझम का दौर शुरू हो गया। तेज बारिश से शहर की सड़कों पर बारिश का पानी बह निकला। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त ग्रामीण अंचल से भी बारिश के समाचार प्राप्त हुए। वहीं मौसम विभाग ने भी जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
नीमच जिले की औसत बारिश 32.5 इंच है। गत वर्ष 10 जुलाई की अवधि तक जिले में औसत 5.7 इंच बारिश हुई थी। जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा 12.9 इंच तक पहुंच चुका है। नीमच विकासखंड में इस वर्ष अब तक 13.5 इंच, जावद में 13.2 इंच व मनासा में 11.9 इंच बारिश हो चुकी है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक नीमच विकासखंड में 3.5 इंच, जावद में 7.4 इंच व मनासा में 6.2 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
प्रदेश के इन जिलों में बारिश का अलर्ट-
अति भारी बारिश- विदिशा, रायसेन, सीहोर, शिवपुरी और श्योपुरकलां। यहां साढ़े 4 इंच से 8 इंच तक बारिश हो सकती है।
भारी बारिश- भोपाल, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, दमोह, सागर और छतरपुर। ढाई से साढ़े 4 इंच तक पानी बरस सकता है।