कटनी। विजयराघवगढ़ तहसील के देवरी मझगवां राजस्व निरीक्षक मंडल के पटवारी को गलत जानकारी देने पर एसडीएम ने निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में पटवारी का मुख्यालय निर्वाचन शाखा बड़वारा निर्धारित किया गया है।
पटवारी रामलाल गोटिया ने त्रुटिपूर्ण, कूट रचित, भ्रामक सेजरा और जांच प्रतिवेदन पेश किया था। जिसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम ने पटवारी पर निलंबन की कार्रवाई की है। राजेश कोल ने आवेदन दिया था कि उनकी भूमि खसरा नंबर 50 रकबा 0.55 हेक्टेयर भूमि से मृतक सह खातेदार रामकरण कोल, रतिया बाई कोल का स्वर्गवास होने पर उनका नाम विलोपित कर उनके विधिक वारसान मुन्ना कोल, राजेश कोल, जुगनू कोल और राजा कोल के नाम पर फौती नामांतरण किया जाए।
प्रकरण की जांच करने पर पाया गया कि पटवारी रामलाल गोटिया ने प्रस्तुत प्रतिवेदन में त्रुटिपूर्ण, कूटरचित, भ्रामक सेजरा, जांच प्रतिवेदन पेश किया। पटवारी के इस कृत्य को गंभीर लापरवाही मानते हुए एसडीएम विजयराघवगढ़ ने कलेक्टर के निर्देश पर पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें निलंबन अवधि में निर्वाचन शाखा विजयराघवगढ़ में पदस्थ किया गया है। निलंबन अवधि में पटवारी को निर्वाह भत्ता की पात्रता रहेगी।