आगर मालवा। कलेक्टर कैलाश वानखेड़े द्वारा सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स एवं सलाहकार समिति की बैठक लेकर स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना, लाडली बहना योजना, स्व-सहायता समूह बैंक लिंकेज, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों के पंजीयन, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्व-रोजगार योजनाओं में बैंकों को विभागो द्वारा प्रेषित प्रकरणों एवं स्वीकृत व ऋण वितरण प्रकरणों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि बैंक, स्वरोजगार योजनाओं में प्रकरण स्वीकृत कर उनमें ऋण वितरण करें, अनावश्यक प्रकरणों को लम्बित नहीं रखा जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर योजना में जिन हितग्राहियों के द्वारा 10 हजार रुपए की कार्यशील पूँजी बैंकों को चुकता कर दी है, उन्हें 20 हजार रुपए की राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत हरसिमरनप्रीत कौर, एलडीएम दिलीप सिंह, नाबार्ड से नीलम कुमार सोनी सहित जिले के सभी बैंकर्स एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।