ग्वालियर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफीसर मुख्यालय (अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय) में ईवीएम डिमोस्ट्रेशन सेंटर शुरू हो गए हैं। सोमवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम वेयर हाउस खोला गया। इसके बाद जिले के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफीसर कार्यालय में डिमोस्ट्रेशन के लिये ईवीएम प्रदान की गईं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे पी गुप्ता ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग ऑफीसर के कार्यालय में ईवीएम डिमोस्ट्रेशन सेंटर की स्थापना की गई है। इन डिमोस्ट्रेशन सेंटर के माध्यम से आम मतदाताओं को ईवीएम से वोट डालने की प्रक्रिया समझाई जा रही है। कलेक्ट्रेट में मुख्य प्रवेश द्वार और लोक सेवा केन्द्र के समीप ईवीएम डिमोस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किया गया है। सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय काँग्रेस के प्रतिनिधि अनिल भारती व भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि धर्मेन्द्र कुशवाह सहित अन्य प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम वेयर हाउस विधिवत रूप से खोला गया। इसके बाद डिमोस्ट्रेशन के लिये ईवीएम प्रदान की गई।