ग्वालियर। जिले के पुलिस थाना भितरवार, चीनौर, करहिया व आंतरी में जब्त करके रखे गए कुल 101 वाहनों की विधिवत नीलामी की जायेगी। इन निष्प्रयोजी वाहनों को नीलाम करने के लिये अनुविभागीय दण्डाधिकारी भितरवार श्री अश्विनी रावत द्वारा तिथियाँ निर्धारित कर दी गई हैं। कोई भी व्यक्ति निर्धारित समय व तिथि पर संबंधित पुलिस थाने में उपस्थित होकर नीलामी में भाग ले सकता है। थानों में रखे वाहनों का अवलोकन संबंधित पुलिस थाना प्रभारी से संपर्क कर किया जा सकता है।
अनुविभागीय दण्डाधिकारी भितरवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना भितरवार में जब्तशुदा 64 वाहनों की नीलामी 11 जुलाई 2023 को अपरान्ह 3 बजे की जायेगी। इसी तरह पुलिस थाना चीनौर के 10 वाहनों की नीलामी 12 जुलाई को अपरान्ह 3 बजे, पुलिस थाना आंतरी में जब्तशुदा 22 वाहनों की नीलामी 13 जुलाई को एवं पुलिस थाना करहिया में रखे 5 वाहनों की नीलामी 14 जुलाई को अपरान्ह 3 बजे होगी। नीलामी की प्रक्रिया संबंधित थाना प्रभारी द्वारा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में सम्पन्न की जायेगी। नीलामी की समस्त प्रक्रिया का संचालन एवं मॉनीटरिंग अनुविभागीय दण्डाधिकारी भितरवार करेंगे। यह भी स्पष्ट किया गया है कि अपसेट प्राइज से नीचे की बोली स्वीकार्य नहीं होगी।