दतिया। मध्यप्रदेश शासन के गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि विधायी विभाग के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने सोमवार को दतिया में मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना के तहत् 6 लोडिंग वाहनों को हरी झण्ड़ी दिखाकर जिले के विभिन्न स्थानों के लिए रवाना किया। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने कहा कि योजना के तहत् शिक्षित बेरोजगारों को इन वाहनों के माध्यम से रोजगार प्राप्त होगा। इन वाहनांे के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत् वितरित होने वाला खाद्यान, गोदामों से उचित मूल्य की दुकानों तक पहुंचाने का कार्य किया जायेगा। योजना के तहत् शिक्षित बेरोजगार को शासन द्वारा दी गई गारंटी पर वाहनों के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। इन बेरोजगारों को कमीशन के आधार पर राशि का भुगतान किया जायेगा। इस मौके पर कलेक्टर संजय कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, नगर पालिका दतिया अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, जिला पंचायत दतिय के अध्यक्ष प्रतिनिधि धीरू दांगी, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष लशकरी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्या, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक यतेन्द्र जैन तथा अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे। जिला आपूर्ति अधिकारी एमएल मालवीय ने मुख्यमंत्री युवा अन्नदूत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 8 सेक्टरों में से 6 सेक्टरों के लिए वाहन उपलब्ध कराये गए है।