बड़वाह | महेश्वर रोड रतनपुर फाटे पर स्थित ॐ साई फ्यूल एंड फिलिग पेट्रोल पंप पर 30 जून की रात्रि में 4 अज्ञात बदमाशो द्वारा गोली चलाकर 50 हजार रुपए की लूट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों से एक पिस्टल व एक बाईक बरामद की है। सोमवार को बड़वाह पुलिस थाने पर मामले का खुलासा करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव ने बताया की 30 जून की रात्रि में पेट्रोल पंप पर 4 अज्ञात बदमाशो द्वारा गोली चलाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
जिसमे फरियादी जितेंद्र पटेल को हाथ पैरो में चोट आई थी। जिसकी रिपोर्ट पर बड़वाह पुलिस थाने पर अपराध पंजीबद्ध किया था। प्रकरण में घटना दिनांक से ही अलग अलग टीमो द्वारा घटना स्थल पर आरोपियो के पहुचने व बाद के संभावित रास्तों की 200 सीसीटीव्ही फुटेज निकाली गई। जिसके आधार पर आरोपियो के भागने के रास्तो का पता किया। जिसमें आरोपी कई जगह सीसीटीव्ही फुटेज में नजर आये इसके साथ ही घटना में उपयोग की गई बाईक होण्डा लिवो के संबंध में 2000 मोटर साईकलो के संबंध में जानकारी मिली। सीसीटीव्ही फुटेज में आये मोटर साईकलो एवं आरोपियो के हुलिया के आधार पर पुलिस स्टॉफ एवं मुखबीरो को जानकारी देकर सक्रिय किया गया।
जिसके परिणामस्वरुप पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि काटकूट फाटे के पास गोलु बेलदार के घर के आसपास साई पेट्रोल पम्प में लूट करने वाले कद काठी हुलिया के लोग दिख रहे है। जिनके साथ गोलू भी है जिनके पास हथियार रखे है और कोई घटना करने की फिराक में है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीमे ने अलग अलग दिशा से गोलू बेलदार के घर के पास पहुचकर तीनों व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा। जिसमे 23 वर्षीय गोलू पिता हुकुमसिंह बेलदार निवासी काटकूट फाटा बड़वाह,23 वर्षीय रोहित पिता प्रकाश वर्मा,25 वर्षीय सोनु कदम पिता कमल कदम दोनो निवासी मुसाखेड़ी इन्दौर को गिरफ्तार किया गया।