दतिया। मध्यप्रदेश शासन के गृह, जेल, संसदीय कार्य एवं विधि विधायी विभाग के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं कलश यात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में सोमवार को न्यू जेल ग्राउण्ड़ भाण्ड़ेर रोड़ दतिया में समीक्षा बैठक ली। गृह मंत्री ने बैठक में आयोजन एवं व्यवस्थाओं हेतु विभिन्न समितियांे के गठन के संबंध में चर्चा कर गत वर्ष अनुसार समिति के सदस्यों को जबावदेही भी सुनिश्चित की गई। गृह मंत्री डॉ. मिश्र ने आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 10 अगस्त से 14 अगस्त तक न्यू जेल ग्राउण्ड़ भाण्ड़ेर रोड़ पर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया जायेगा। इसके पूर्व 9 अगस्त को महिलाओं की कलश यात्रा निकाली जायेगी। शिवलिंगों का निर्माण प्रातः 7 बजे से प्रातः 11.30 बजे तक किया जायेगा। दोपहर 1 बजे से कथा वाचक पंड़ित प्रदीप मिश्रा द्वारा कथा का वाचन किया जायेगा। सायं 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक भजन संध्या का आयोजन होगा। गृह मंत्री ने कहा कि पार्थिव शिवलिंग निर्माण के संबंध में प्रति सप्ताह बैठक का आयोजन कर समीक्षा की जायेगी। अगली बैठक रविवार को प्रातः 10 बजे से आयोजित होगी। जिसमें पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं को 6 अगस्त से साड़ी एवं कलश वितरण पर भी चर्चा की गई। इस कार्य में महिला मोर्चा एवं वार्ड पार्षदों का भी सहयोग लिया जायेगा।
बैठक में कलेक्टर संजय कुमार ने कहा कि गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र के प्रयासों से दतिया नगर आयोजन एवं उत्सवों का शहर हो गया है। यहां निरंतर गतिविधियां संचालित हो रही है। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कहा कि आयोजन के दौरान सभी के सहयोग से बेहतर व्यवस्थायें की जायेगी। किसी भी व्यक्ति को कोई परेशानी नहीं होने दी जायेगी। बैठक मेें नगर पालिका परिषद दतिया के अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, प्रोफेसर आरपी नीखरा, अहिरवार ने भी अपने विचार व्यक्त किये। बैठक का संचालन आरबी श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव, अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।