नीमच। जिले में सप्ताह भर से रूक-रूककर बारिश का दौर जारी है। कल सोमवार को भी जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में झमाझम बरसात हुई थी। आज मंगलवार को सुबह से मौसम साफ है। कुछ-कुछ अंतराल में बादल छा रहे हैं। देर शाम तक जिले में हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार एमपी में आगामी दो दिन तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। राजधानी भोपाल आज सुबह से बौछार गिर रही है। मंगलवार को श्योपुर कलां में अति भारी बारिश का अलर्ट है। जबकि ग्वालियर, जबलपुर सहित प्रदेश के 23 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। यहां ढाई इंच से अधिक बारिश होने का अनुमान है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि प्रदेश में दो दिन बारिश की एक्टिविटी ज्यादा रहेगी। मंगलवार को इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सागर संभाग के जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। नॉर्थ ईस्ट राजस्थान के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह उत्तरी मध्यप्रदेश से होकर पूर्व की ओर बढ़ेगा। ट्रफ लाइन एक्टिव होगी। इस कारण प्रदेश में बारिश होगी।
जानिये 24 घंटे में कहां-कहां होगी बारिश-
अति भारी बारिश- एमपी के श्योपुरकलां में अति भारी बारिश का अलर्ट है। यहां साढ़े 4 इंच से 8 इंच तक बारिश हो सकती है। जबकि विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, उज्जैन, शाजापुर, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर में भारी बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर, नीमच सहित प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।