खरगोन। कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर वर्मा ने गत दिवस मेहरजा स्थिति निधिवन में हुए सफलतम पौधारोपण की अधिकारियों को बधाईयां दी और कहा कि इस मौसम में हर सप्ताह में ऐसा कार्यक्रम तय करना चाहिए। बैठक में कलेक्टर वर्मा ने आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इव्हीएम मशीनों को मतदान केन्द्र पर पहुंचाने के लिए रूट चार्ट तय करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा की निर्वाचन कार्य में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जानी है लेकिन अब तक कई विभाग ऐसे हैं जिन्होंने ने अभी तक कार्यालय को जानकारी नहीं उपलब्ध कराई है वे विभाग अगले दो दिन यानी बुधवार तक कर्मचारियों की जानकारी फीड कर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि स्कूलें लगना प्रारंभ हो गई है लेकिन आदेश के बावजूद अब तक बच्चों की पुस्तकों का वितरण नहीं हो पाया है। उन्होंने डीपीसी पर भारी नाराजगी जताते हुए कहा कि जनजातीय कार्य विभाग, डीपीसी और डीईओ तीनों मिलकर प्लॉन बनाकर बच्चों को सोमवार तक पुस्तकों वितरण करने की कार्यवाही करेंगे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ ज्योति शर्मा, अपर कलेक्टर जेएस बघेल, संयुक्त कलेक्टर शिराली जैन, सभी डिप्टी कलेक्टर्स, एसडीएम कलेक्ट्रेट सभाग्रह में व जनपद स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े रहे।
समर्थन मूल्य पर व्यापारी से ना खरीदे मूंग-
कलेक्टर वर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि जिले में मंूग खरीदी के लिए बनाए गए केन्द्रों पर किसान के नाम पर किसी बिचौलिये व्यापारी से समर्थन मूल्य पर मूंग ना खरीदे जाएं। मूंग खरीदी में कोई धांधले बाजी नहीं हो एसडीएम इसकी जांच करेंगे। कलेक्टर वर्मा ने कृषि उपसंचालक से यूरिया की जानकारी लेते हुए कहा कि जिले में यूरिया की कोई समस्या ना हो ऐसी तैयारी कर ले।
लाडली बहना और सीएम हेल्पलाइन की भी हुई समीक्षा-
लाडली बहना योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर वर्मा ने महिला बाल विकास अधिकारी से कहा कि जिन बहनों के खातों में अभी तक राशि नहीं पहुंची है उनका अब तक क्या निराकरण हुआ है? उन्होंने एलडीएम से जानकारी लेते हुए कहा कि खाते की डीबीटी होने के बावजूद उन खातों में पैसा क्यों नहीं पहुंचा अब तक इसकी गहन जांच कर जल्द-से-जल्द निराकरण करें। जिले में एक भी लाडली बहना ना छूट जिनके खातों में राशि न पहुंचे। कलेक्टर वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे विभाग जिनमें 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतें है उन शिकायतों का शीघ्र निराकरण करें।
कॉलानी अवैध पायी तो कॉलोनाइजर पर होगी कार्यवाही-
साथ ही दिसंबर 2016 तक की अवैध कॉलोनियों के शेष रहे नक्शे तैयार कर आगामी दो दिवसों में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर वर्मा ने जिले में 2017 से 2022 तक बनी अवैध कॉलोनियों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि एसडीएम और सीएमओ इस अवधि में बनी अवैध कॉलोनियों की जानकारी तत्काल दो दिवस में दें, ताकि राज्य शासन के निर्देशानुसार ऐसी अवैध कॉलोनियों को वैद्य करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएं।