झाबुआ। मध्य प्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी सुनील झा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। डिप्टी कलेक्टर सुनील झा झाबुआ में एसडीएम के पद पर पदस्थ थे। कलेक्टर के प्रतिवेदन पर कमिश्नर पवन शर्मा ने उन्हें सस्पेंड कर दिया है।
मामला कन्या छात्रावास का बताया गया है। छात्रावास की महिला अधीक्षक ने कलेक्टर को लिखित जानकारी दी थी। इसमें बताया गया कि, रविवार अवकाश वाले दिन एसडीएम सुनील झा छात्रावास का दौरा करने आए थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं को बात करने के लिए कमरा नंबर 5 में बुलाया और छात्रावास की महिला अधीक्षक को कमरे से बाहर जाने के लिए कहा। छात्रावास की महिला अधीक्षक ने कलेक्टर को बताया कि उन्होंने नाबालिग आदिवासी लड़कियों से आपत्तिजनक शब्दों में बात की एवं टच भी किया। पीड़ित लड़कियों की उम्र 13, 13 एवं 11 वर्ष बताई गई है।
इस शिकायत के आधार पर कलेक्टर ने प्रस्ताव बनाकर कमिश्नर के पास भेजा। यहां झाबुआ पुलिस थाने में सुनील शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। कमिश्नर पवन शर्मा ने कलेक्टर के प्रस्ताव के आधार पर सुनील शर्मा को निलंबित कर दिया।