सिंगोली। तहसील के रतनगढ़ वन परिक्षेत्र में एक तेंदुए के जंगली सूअर के साथ कुएं में गिरने की घटना का वीडियो सोमवार सुबह से सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। लेकिन यह सही नहीं है।
दरअसल घटना बेंगू तहसील के बिछोर राजस्थान के पास गांव गोपालपुरा की है। जहां सोमवार अल सुबह जंगली सूअर का पीछा करते हुए तेंदुआ सुअर सहित कुएं में जा गिरा था।
इस बाबत बस्सी वन परिक्षेत्र अधिकारी सुनील यादव ने घटना की पुष्टि की है। मंगलवार दोपहर बाद वन अधिकारी ने बताया कि तेंदुआ बिछोर निवासी पूर्व सरपंच हरिसिंह चुंडावत के गोपालपुरा स्थित कुएं में गिरा था।
यह स्थान बिछौर के पास घने वन परिक्षेत्र से लगा हुआ है। सूचना के बाद वरिष्ठ वन अधिकारी सोनल जोरिहार के निर्देश पर रेस्क्यू कर दोनो को कुएं से निकाला गया।
सुनील यादव ने बताया कि जांच में तेंदुए की उम्र 3 साल और वह मादा तेंदुआ होना पाया गया, बाद में दोनो को सुरक्षित स्थान पर छुड़वा दिया गया है।