कटनी। नगर निगम सीमा के वार्ड चार के रहवासियों ने बुधवार को नगर निगम परिसर में मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वार्ड चार इंडिरा गांधी वार्ड के शिवनगर स्थित बालाजीनगर में पुरवारा कन्या हाईस्कूल एप्रोच रोड और नाली निर्माण की स्वीकृति होने के बाद भी निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा है।
विद्युत कंपनी ने बगैर किसी सूचना के उपभोक्ताओं का भार वृद्धि कर दिया है, लेकिन ट्रांसफार्मर की भार वृद्धि नहीं की। सिर्फ अवैध वसूली के लिए ऐसा किया है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि स्कूल पहुंच मार्ग में दो आंगनवाड़ी केंद्र संचालित है। बावजूद इसके मार्ग का निर्माण कार्य नहीं कराया गया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कुछ दिन पहले महापौर ने क्षेत्र का निरीक्षण किया था। इसमें मार्ग निर्माण कराए जाने का आश्वासन दिया। बावजूद इसके निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रोड निर्माण नहीं कराई गई तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार, बसंत गौतम, रंजीत चौबे, रुपेश पहरिया सहित अन्य वार्डवासी मौजूद रहे।