प्रतापगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में प्रतापगढ़ जिले की छोटीसादड़ी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश जाट, निवासी आसपुरा, थाना बघाना, जिला नीमच के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 में गोमाना पुलिया के पास एक ट्रेलर से 422 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद किया गया था। मामले की जांच के दौरान राकेश जाट की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी से मामले में गहन पूछताछ जारी है।