धार। जिला प्रशासन धार, मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं वसुधा विकास संस्थान द्वारा महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद धार से तकनीकी सलाहकार एवं मास्टर ट्रेनर गुरुदत्त काटे द्वारा निर्मिति केंद्र में ब्लॉक प्रिंटिंग कौशल विकास प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। जिसमें वसुधा विकास संस्थान से संकुल समन्वयक मिथुन रावत ने बताया कि धार की स्थानीय बालिकाओं एवं महिलाओं को स्वरोज़गार से जोड़ने के उद्देश्य से परियोजना के अंतर्गत निरंतर निशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे है। इसी क्रम में ब्लॉक प्रिंटिंग का प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है। जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद धार, से मास्टर ट्रेनर गुरुदत्त काटे द्वारा 1 माह की अवधि में महिलाओं को प्रशिक्षित किया जायेगा। काटे ने महिलाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से आप एक कारीगर के रूप में तैयार होंगे और आपको प्रशिक्षण के उपरांत रोजगार के साथ अवसर प्राप्त होंगे। सभी पूरी मेहनत और लगन के साथ इस प्रशिक्षण का लाभ लें और ब्लॉक प्रिंटिंग के कार्य से धार को प्रदेश एवं देश स्तर पर प्रसिद्ध बनाने हेतु सहयोग करें।