नीमच। जिले सहित समूचे एमपी में फिर से मानसून एक्टिव हो गया है। कई जिलों में हल्की तो कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। नीमच जिले में 24 दिनों की लंबी खेंच के बाद हुई बारिश ने किसानों को बड़ी राहत दी है। वहीं आम लोगों को भी तेज उमस व गर्मी से निजात मिली है। जिले में चालू वर्षा काल में अब तक 19.7 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश के पूर्वी, उत्तर और छत्तीसगढ़ के हिस्से में लो प्रेशर एरिया एक्टिव था। साथ में साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी था। रविवार को यह प्रदेश के बीच हिस्से में आ गया। इस कारण भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभाग में बारिश हुई। पूर्वी हिस्से में भी अच्छी बारिश हुई। आज सोमवार को भोपाल और उज्जैन संभाग के जिलों में तेज बारिश हो सकती है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
प्रदेश के विदिशा, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, मंदसौर, आगर-मालवा, नीमच, गुना, अशोकनगर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पन्ना, सागर व छतरपुर में तेज बारिश होने का अनुमान है। वहीं भोपाल, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, मंडला, बालाघाट, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश होने की संभवना जताई गई है।