नीमच। शहर की सबसे पुरानी एवम जटिल समस्या बंगला बगीचा समस्या के उचित समाधान की मांग को लेकर बंगला बगीचा संघर्ष समिति के सदस्य पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात कर समस्या के उचित समाधान की मांग करेंगे । यह बात बंगला बगीचा संघर्ष समिति के सदस्य एडवोकेट अमित शर्मा द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही । उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं पर बंगला बगीचा समस्या को समाधान के नाम पर और अधिक उलझाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेताओं द्वारा बंगला बगीचा समस्या को सुलझाने की जगह और अधिक उलझा दिया है और उनके द्वारा क्षेत्र की जनता पर आधा अधूरा कानून थोप दिया है । शर्मा ने बताया की बंगला बगीचा संघर्ष समिति द्वारा नगरीय निकाय चुनावों में भी भाजपा का विरोध किया था एवं आगामी विधानसभा चुनावों में भी यदि समस्या का उचित समाधान नहीं होता है तो बंगला बगीचा संघर्ष समिति द्वारा भाजपा के उम्मीद्वार का पुरजोर तरीके से विरोध किया जायेगा और क्षेत्र की जनता को भाजपा के खिलाफ वोट करने के लिए जागरूक किया जाएगा ।
शर्मा ने भाजपा के विधायक, सांसद और नगरपालिका अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के जनप्रतिनिधियों द्वारा हमेशा से ही बंगला बगीचा क्षेत्र की जनता के साथ सौतेला व्यवहार किया है एवं हर बार वोट कि खातिर बंगला बगीचा क्षेत्र कि जनता से झूठे वादे किए हैं । यहां तक कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कई बार नीमच आए और वह भी बंगला बगीचा समस्या के उचित समाधान का वादा करके गए परंतु आज दिनांक तक भी वह अपने वादों पर खरे नहीं उतरे हैं और बार बार उनके द्वारा भी बंगला बगीचा क्षेत्र की जनता को धोका दिया गया है । बंगला बगीचा क्षेत्र की जनता अब पूर्ण रूप से निराश हो चुकी है और उन्हें भाजपा की सरकार पर विश्वाश नहीं रहा है की भाजपा के जनप्रतिनिधि अब इस समस्या का समाधान जनहित में कर पाएंगे ।
शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से अंत में यह बताया कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री बंगला बगीचा समस्या को गंभीरता से लेते हैं और बंगला बगीचा क्षेत्र कि जनता को इस बात का विश्वास दिलाते हैं की कांग्रेस कि सरकार बनते ही उनके द्वारा भाजपा द्वारा जनता पर थोपा काला कानून समाप्त किया जाएगा और बंगला बगीचा क्षेत्र कि जनता को राहत प्रदान कि जायेगी तो बंगला बगीचा संघर्ष समिति द्वारा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को समर्थन प्रदान किया जाएगा बंगला बगीचा क्षेत्र कि जनता से कांग्रेस पार्टी को वोट देने की अपील की जाएगी ।