शाजापुर। जिले के ग्राम धेनुका में चल रही भागवत महारानी कथा का आज सातवें दिवस बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ समापन हुआ। कथा के अंतिम दिन धर्म प्रेमी जनता ने भगवान की लीलाओं का रसपान किया और भक्ति भाव में डूबकर कथा श्रवण किया।
कथा वाचक पंडित अतुल शर्मा जी ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का सुंदर वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कैसे भगवान ने अधर्म और पाप का विनाश कर धर्म की स्थापना की। उनके प्रवचनों से उपस्थित श्रद्धालुओं में भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
सप्तम दिवस पर भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, माताओं-बहनों और बाहर से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सभी ने मिलकर भजनों का आनंद लिया और भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
समापन अवसर पर भव्य शोभा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा पूरे गांव में निकाली गई, जहां श्रद्धालुओं ने भागवत महारानी के प्रति श्रद्धा और आभार व्यक्त किया।
कथा के अंत में सभी धर्म प्रेमी जनों ने प्रार्थना की कि भगवान सदैव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और गांव में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहे।