नीमच। जिले के एडवोकेट आज बड़ी संख्या में लामबंद होकर एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
दिये गए ज्ञापन में जिला अभिभाषक संघ ने कहा कि वकीलों के साथ आए दिन कार्य के दौरान न्यायालय परिसर में पक्षकारों की ओर से मारपीट और झगड़े की हिंसक वारदातें होती रहती है। वकीलों द्वारा इस बारे में कई बार एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई बार इसे लागू करने का आश्वासन भी दिया। लेकिन अभी तक एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू नहीं हो पाया है। फिर एक बार जिला अभिभाषक संघ से जुड़े वकीलों ने ज्ञापन देकर एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग रखी। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि यह एक्ट लागू नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन का वाचन दिनेश शर्मा ने किया। इस मौके पर जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे।