नीमच। महावीर इंटरनेशनल केंद्र नीमच द्वारा बुधवार को जमुनिया स्थित शासकीय विद्यालय में ‘झिझक छोड़ो, चुप्पी तोड़ो’ अभियान के तहत ‘गरिमा’ प्रोजेक्ट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं की करीब 100 छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ महावीर इंटरनेशनल की प्रार्थना से हुआ, जिसे डिप्टी डायरेक्टर वूमन्स एम्पावरमेंट आशा सांभर ने छात्राओं के साथ प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यालय स्टाफ द्वारा महावीर इंटरनेशनल केंद्र के अध्यक्ष प्रदीप धाकड़, सचिव जितेंद्र सकलेचा एवं संस्थापक अध्यक्ष तथा डिप्टी डायरेक्टर वूमन्स एम्पावरमेंट आशा सांभर का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर छात्राओं को किया जागरूक-
सचिव जितेंद्र सकलेचा ने महावीर इंटरनेशनल की विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं आशा सांभर ने सरल एवं सहज भाषा में छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान होने वाले सामान्य लक्षणों, स्वच्छता का महत्व तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि मासिक धर्म एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़ी किसी भी समस्या या परेशानी को लेकर झिझकने के बजाय अपनी शिक्षिकाओं अथवा अभिभावकों से खुलकर बात करनी चाहिए।
विद्यालय की शिक्षिका मधु जैन ने भी छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे बिना झिझक शिक्षिकाओं से संपर्क कर सकती हैं।
100 छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन वितरित-
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 11वीं एवं 12वीं की 100 छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन के पैकेट वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में औषधीय पौधों का पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महावीर इंटरनेशनल केंद्र नीमच के अध्यक्ष प्रदीप धाकड़, सचिव जितेंद्र सकलेचा, आशा सांभर, मधु जैन, सुरेंद्र बंब सहित विद्यालय के प्राचार्य मनोज अहिर, जी.एल. चौहान, पूर्व प्राचार्य वर्षा जंयत एवं विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन वर्षा जंयत ने किया। छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।