नीमच। शहर में गणेश उत्सव की धूम मची है। जगह-जगह अलग-अलग स्वरूपों में गणेश जी के भव्य और आकर्षक ढंग से दरबार सजे हैं। बेहतरीन रोशनी से साजसज्जा की गई है। पांडालों में पहुंचकर श्रद्धालु दर्शन लाभ ले रहे हैं।
लावण्या ग्रुप द्वारा कल लायंस पार्क चौराहा पर गणेश जी का सुंदर श्रृंगार किया गया। मंडफिया से पधारे सांवरिया सेठ का दरबार सजाया गया। छप्पन भोग लगाए गए। दशहरा मैदान में भी गणपति ग्रुप द्वारा गणेश उत्सव पर प्रतिदिन भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। केदारनाथ धाम की तर्ज पर सात सज्जा की गई है। पुणे स्थित शिव मंत्र डमरू सेठ हलवाई मंदिर जैसी हूबहू प्रतिमा लगाई गई है। यहां भी हजारों की संख्या में दर्शनार्थी पहुंचकर अपने कार्य सिद्ध होने की प्रार्थना कर रहे हैं। आज दशहरा मैदान स्थित गणपति ग्रुप द्वारा आयोजित कार्यक्रम में काशी विश्वनाथ के पांच पंडों द्वारा रात 8 बजे भव्य गंगा आरती का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी प्रकार विजय टॉकीज चौराहा पर आर्यन ग्रुप द्वारा सजाए गए गणेश उत्सव के पंडाल में भी भव्य कार्यक्रमो का आयोजन किया जा रहा है।