नीमच। शहर में मुस्लिम समाज द्वारा आज सुबह 8 बजे स्थानीय जामा मस्जिद से जश्ने ए ईद मिलादुन्नबी के उपलक्ष में एक विशाल और भव्य जुलूस अंजुमन ए इस्लाम कमेटी एवं शहर काजी सद्दाम हुसैन अत्तारी के नेतृत्व में निकाला गया।
पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के मिलाद के अवसर पर ये भव्य जुलूस पूरी आन बान शान से जामा मस्जिद से प्रारंभ हुआ। जिसमे आगे घुड़सवार, बैंड, खुली जीप में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हाथों में लिए सवार बच्चे, बग्गियों बुजुर्ग और मदरसा के नौनिहाल स्टूडेंट उत्साह के साथ शरीक हुए। पीछे समाज के वरिष्ठजन और पदाधिकारी कौमी लिबास में चल रहे थे। रास्ते में भव्य आतिशबाजी की गई। जुलूस में शामिल बच्चे हुजूर सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की हदीस और पैगाम की तख्तियां हाथों में लेकर चले।
गौरतलब है कि हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम द्वारा वतन से मोहब्बत का, शिक्षा का, महिला सशक्तिकरण, समानता, स्वच्छता, गरीबों की सहायता, अमन और भाईचारे की हरदम हिदायत दी गई। अंजुमन ए इस्लाम के मेंबरान और मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदस्यों सहित नीमच के नौजवानों ने डीजे की धुन पर मेरा सोना आया सज गया बाजार की धुन पर झूमते रहे साथ ही चल समारोह के इंतेज़ामात को शानदार तरीके से अंजाम दिया। इस गरिमामय और अनुशासित जुलूस में शामिल होकर भाजपा-कांग्रेस सहित कई नेतागणों ने समाज के वरिष्ठजनो का फूल माला ओर दसतारबन्दी कर जमकर स्वागत सत्कार किया। ये जुलूस फव्वारा चोक, बारादरी, नया बाजार, घण्टाघर, जाजू बिल्डिंग, पुस्तक बाजार, फोर जीरो चौराहा, कमल चोक होते हुवे पुनः जामा मस्जिद में समापन होगा। वहीं इस मौके पर सुरक्षा का मद्देनजर केंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा सहित चप्पे चप्पे पर पुलिस बल यातायात पुलिस एवं प्रशानिक अधिकारियों कर्मचारियों की व्यवस्थाएं भी चाकचौबंद रही।