नीमच। जिले के चीताखेड़ा के पास भीलाखेड़ा फंटे पर ट्रैक्टर से हुई भिड़ंत के चलते मोटरसाइकिल सवार 18 वर्षीय शोभालाल बुरी तरह घायल हो गया। शोभालाल पिता गोपाल रावत मीणा घसुंडी जागीर का रहने वाला हैं। वह मोटरसाइकिल पर आज सुबह चीताखेड़ा से घसुंडी की ओर जा रहा था। भीलाखेड़ा चौराहा के यहां ट्रैक्टर चालक पन्नालाल कुम्हार ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए शोभालाल को टक्कर मार दी। जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। मौजूद लोगों ने तुरंत शोभालाल को जीरन अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे जिला चिकित्सालय नीमच के लिए रेफर कर दिया गया। शोभालाल के पिता गोपाल ने बताया कि उसके पैरों में फैक्चर है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हड्डी रोग विशेषज्ञ ना होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया है। ट्रैक्टर चालक पन्नालाल दुर्घटना के बाद तुरंत भाग निकला। शोभालाल की मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।