मोरवन। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर मोरवन बांध पर जिले सहित आसपास से सैकड़ो की संख्या में लोग मूर्ति विसर्जन के लिए मोरवन बांध पहुंचे। जहां लोगों ने गणेश जी की पूजा अर्चना कर विधि विधान के साथ मूर्ति विसर्जन किया साथ ही गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारे लगाए। अनंत चतुर्दशी को देखते हुए सुबह से ही मोरवन बांध पर सैकड़ो की संख्या में लोग विसर्जन के लिए पहुंचने लगे। विसर्जन के लिए लोग कोई ट्रैक्टर में तो कोई कार के ऊपर तो कोई मोटरसाइकिल से तो कोई डीजे ढोल की ताश पर नाचते गाते हुए तो कोई नम आंखों से बप्पा को विदाई देने पहुंचे। खासकर बच्चों में विसर्जन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद रही। सरवानिया चौकी के पुलिस जवान बांध के किनारे किनारे मौजूद थे व बांध में बोट द्वारा भी जवान पानी के किनारे पहरा दे रहे थे ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।