जबलपुर। विमुक्त घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू समुदाय के लोगों के आर्थिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक उत्थान के लिये राज्य शासन द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने कल सूरतलाई स्थित नट बस्ती में शिविर का आयोजन किया गया। विमुक्त, घुमंतू, अर्द्ध घुमंतू कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किये गये इस शिविर में समुदाय के लोगों को विमुक्त, घुमंतु अर्द्धघुमंतू मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, छात्रावास योजना, सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना, बस्ती विकास योजना, सामुदायिक बस्तियों में विद्युतीकरण योजना आदि की विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर समुदाय के लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक व एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के चिकित्सकों द्वारा 334 व्यक्तियों का स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इस दौरान सहायक संचालक विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू कल्याण विभाग आशीष दीक्षित, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ राकेश कुमार, होम्योपैथी चिकित्सा अधिकारी डॉ सरोज सिंह, एलोपैथी चिकित्सक डॉ सपना जैन, सीएचओ योगमाया शर्मा, उजमा खान, अरुण काछी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जन मौजूद थे ।