चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की निदेशक मंडल की बैठक बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में रजत जयंती वर्ष के अवसर पर शुरू की गई एमएसएमई, ई-वाहन ऋण एवं ग्रुप फाइनेंस योजनाओं को शीघ्र लागू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि बड़े औद्योगिक समूहों, सरकारी कार्यालयों तथा उद्यमियों को न्यूनतम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही अंशधारियों को बायोमैट्रिक सुविधा से जोड़ने एवं ग्राहकों के लिए व्हाट्सएप बैंकिंग सेवा भी जल्द शुरू की जाएगी।
निदेशक मंडल ने आमसभा में घोषित 10 प्रतिशत लाभांश का शीघ्र वितरण करने का भी निर्णय लिया। बैंक के महाप्रबंधक जनसंपर्क जे.पी. जोशी ने बताया कि बैठक में प्रधान कार्यालय निर्माण की प्रगति, व्यवसाय वृद्धि, रिजर्व बैंक की बैठकों, राष्ट्रीय सहकारी सम्मेलन एवं विभिन्न प्रशासनिक विषयों पर चर्चा कर आवश्यक अनुमोदन प्रदान किया गया।
प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी ने वित्तीय लेखा विवरण, केवाईसी, ऋण वसूली, एनपीए खातों एवं ऋण स्वीकृतियों की जानकारी प्रस्तुत की। आगामी सितंबर तक पुराने ऋणधारकों के लिए विशेष संपर्क अभियान चलाने तथा शाखाओं की कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए श्रेणीवार बैठकों के आयोजन का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया, एमडी डॉ. वंदना वजीरानी तथा निदेशक मंडल सदस्य आदित्येन्द्र सेठिया को बेस्ट बैंक, बेस्ट चेयरमैन एवं बेस्ट एमडी अवॉर्ड सहित अन्य उपलब्धियों पर सम्मानित किया गया। साथ ही निदेशक मंडल ने गांधीनगर स्थित बैंक के नए प्रधान कार्यालय निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया।
बैठक के अंत में बैंक के वसूली अधिकारी कैलाश कोली के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा निदेशक मंडल के सदस्यों ने उनके निवास पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।