मनासा। नगर में मुस्लिम समाज द्वारा मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस दौरान पूरे नगर में “या हुसैन-या हुसैन” की सदाएं गूंजती रहीं।
हजरत पैगम्बर साहब के नवासे इमाम हुसैन की कर्बला में दी गई शहादत को याद करते हुए मोहर्रम की दसवीं तारीख पर ताजियों का जुलूस निकाला गया। जुलूस जूनसाथ मोहल्ला से प्रारंभ होकर सब्जी मंडी, सदर बाजार होते हुए गांधी चौक पहुंचा, जहां समाजजनों ने अकीदत के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की।
इमाम हुसैन की शहादत और उनकी प्यास को याद करते हुए नगर में विभिन्न स्थानों पर छबील लगाई गई, जहां राहगीरों को शरबत एवं पानी वितरित किया गया।
मोहर्रम पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, वहीं नगर परिषद के वॉलेंटियर्स भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहे। पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर स्थानीय प्रशासन एवं समाजजनों ने संतोष व्यक्त किया।