नीमच। प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में साइकोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के एक्टिव होने से प्रदेश में 01 अक्टूबर को भी कई जिलों में मौसम बदला सा रहेगा। बीते 24 घंटों में उमरिया में 0.42 इंच, छिंदवाड़ा में 0.18, मंडला में 0.08, सिवनी में 0.003 इंच पानी गिरा। जबकि बालाघाट व मलाजखंड में बूंदाबांदी हुई। वहीं नीमच व मंदसौर जिले में मौसम साफ रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में एमपी के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 29 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 43.5 इंच से अधिक बरसात हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को मुरैना और श्योपुरकलां से मानसून के विदा होने की घोषणा कर दी। अगले 3-4 दिन में उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग से भी विदाई हो सकती है। 10 अक्टूबर से पहले एमपी से मानसून रवाना हो जाएगा। हालांकि, अगले कुछ दिन तक प्रदेश में हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। आज रविवार को सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, डिंडोरी और बालाघाट जिले में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम के कारण 1 से 3 अक्टूबर तक हल्की या मध्यम बारिश होने की संभावना है। उसके बाद उमस और बढ़ सकती है। एमपी में 24 जून को मानसून की एंट्री हुई थी।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, डिंडोरी और बालाघाट में मध्यम से भारी बारिश होने का अलर्ट है। जबकि शहडोल, उमरिया, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना और छतरपुर में हल्की बारिश का अनुमान है। इसके अलावा मालवा के इंदौर, रतलाम, मंदसौर व नीमच जिले में धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। कल शाम तक कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।