खरगोन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने चर्चित स्वच्छ भारत मिशन की भागीदारी के लिए एक दिन पहले 1 अक्टूबर से ही देशव्यापी अभियान की अपील की थी। इस अपील का शहर में असर दिखाई दिया। सुबह से ही स्कूली विद्यार्थियों सहित सामाजिक संगठन हाथों में झाडू, तगारी लेकर सड़कों, मोहल्लों में नजर आए। गोकुलदास, महर्षि विद्या मंदिर, आदित्य स्कूल, रोटरी क्लब एवं नपा अमले ने टीआईटी काम्पलेक्स के सामने मुख्य मार्ग पर साफ- सफाई की एवं जागरुकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन को अपने घर के आसपास सहित शहर में साफ- सफाई रखने का संदेश दिया गया। उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर को राष्ट्रव्यापी सफाई अभियान को लेकर मोबाइल पर भी कॉलर ट्यून के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा था।