नीमच। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सरवानिया में रोड शो के दौरान नीमच और मंदसौर की नगरीय निकाय में कार्यरत संविदा कर्मचारियों द्वारा नियमित करने के संबंध में ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में कहा गया है कि संविदा कर्मचारियों को नियमित करने के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग भोपाल द्वारा 22 जुलाई को आदेश जारी कर संविदा प्रथा को खत्म करने का निर्णय लिया गया था।जिसके परिपेक्ष्य में नगरपालिका नीमच द्वारा संविदा कर्मियों की जानकारी तैयार कर शासन को प्रेषित की गई थी। उक्त आदेश के पालन में आज दिनांक तक नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि शासन द्वारा जारी आदेश के पालन में मध्यप्रदेश के कई विभागों द्वारा अमल करते हुए संविदा कर्मचारियों को नियमित कर समान वेतन और सुविधाएं प्रदान करने के आदेश जारी किए गए हैं किंतु नगरीय प्रशासन द्वारा अभी तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है। संविदा कर्मियों ने मुख्यमंत्री को रोड शो के दौरान इस संबंध में आवेदन दिया। मुख्यमंत्री द्वारा संविदा कर्मियों को नियमित की जाने का आश्वासन दिया गया है। इस मौके पर नगर पालिका परिषद नीमच और मंदसौर के संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।