नीमच। प्रदेश में बंगाल की खाड़ी में एक्टिव हुए साइकोनिक सर्कुलेशन सिस्टम की वजह से बारिश हो रही है। प्रदेश में 02 अक्टूबर को भी कई जिलों में मौसम बदला सा रहेगा। बीते 24 घंटों में सीधी में 0.29 इंच, मलाजखंड में 0.11, सतना में 0.007 इंच पानी गिरा। जबलपुर, बालाघाट और मंडला जिले में हल्की बूंदाबांदी हुई। जबकि नीमच व मंदसौर जिले में मौसम साफ रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में एमपी के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 29 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 43.5 इंच से अधिक बरसात हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में मानसून विदाई की ओर है। अक्टूबर पोस्ट मानसून सीजन में गिना जाता है। इस बार इस महीने मिला-जुला मौसम रहने के आसार हैं। दिन में तीखी धूप तो देर रात के बाद या तड़के हल्की ठंडक बनी रह सकती है। अक्टूबर के पहले हफ्ते दो या तीन दिन हल्के बादल भी छाने की संभावना है। गरज-चमक वाले बादल बने तो कहीं-कहीं मामूली बूंदाबांदी भी हो सकती है। पारा 30 से 32 डिग्री और एक या दो दिन 33 डिग्री से ऊपर भी पहुंच सकता है। 15 दिन बाद रातें ठंडी होना शुरू हो जाएंगी। 21 दिन बाद यानी अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में गुलाबी ठंड शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से सिस्टम एक्टिव होने से प्रदेश के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, शहडोल, रीवा संभाग में बारिश हो रही है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
प्रदेश में आगामी 24 घंटे में सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पन्ना में मध्यम बारिश होगी। जबकि विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, शहडोल, उमरिया, सिवनी, मंडला, दमोह, सागर, छतरपुर और टीकमगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं मालवा के नीमच, मंदसौर व रतलाम जिले में धूप-छांव वाला मौसम रहने की संभावना है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।